रतलाम, 15 नवम्बर (खबरबाबा.कॉम)। अल्प वर्षा और धोलावाड़ डेम में लगातार घटते जलस्तर के बीच रतलाम में आगामी दिनों में पेयजल संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए नगर निगम के जलप्रदाय विभाग ने अब जागते हुए पानी बचाने की कवायद शुरू कर दी है। शहर में अब पेयजल का अपव्यय या दुरुपयोग करने वालों पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, जल संकट को देखते हुए शहर के कई क्षेत्रों में होने वाली पेयजल सप्लाई के समय में भी कटौती करने का निर्णय लिया गया है।
धोलावाड़ डेम में सिर्फ 39.84 प्रतिशत पानी शेष
जिले में इस वर्ष अल्प वर्षा हुई है। अब तक लगभग 389 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, शहर के प्रमुख जलस्रोत धोलावाड़ डेम में वर्तमान में केवल 39.84 प्रतिशत पानी ही शेष है। डेम का जलस्तर भी घटकर 388.70 मीटर पर पहुंच गया है। आगामी दिनों में पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जलप्रदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक कार्यपालन यंत्री राहुल जाखड़ ने ली।
कई क्षेत्रों में 10 मिनट कम होगी पानी की सप्लाई
बैठक में निर्णय लिया गया कि पेयजल की बचत के लिए शहर के उन क्षेत्रों में जलप्रदाय का समय 10 मिनट कम किया जाएगा, जहां वर्तमान में एक दिन छोड़कर 45 मिनट पानी दिया जा रहा है।
इसमें पोलोग्राउंड, गंगासागर, गौशाला, गांधी नगर, शांतिनगर, ग्लोबस सहित अन्य टंकियों से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अब निर्धारित समय से 10 मिनट कम पेयजल सप्लाई की जाएगी।
वहीं, कस्तूरबा नगर टंकी से प्रतिदिन होने वाली पेयजल सप्लाई के समय में भी 20 मिनट की कटौती की जाएगी।
पानी का दुरुपयोग किया तो लगेगा 500 रुपए जुर्माना
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शहर में पेयजल का अपव्यय और दुरुपयोग करने वाले नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। विभाग का उद्देश्य सीमित जल उपलब्धता के बीच पेयजल का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना और आगामी दिनों में संभावित संकट से निपटना है।
बैठक में उपयंत्री भैयालाल चौधरी, अनुपम मिश्रा, दिलीप सूर्यवंशी, नीरज यादव, मोहनलाल सहित जलप्रदाय विभाग के समस्त वाल्वमेन उपस्थित रहे।