रतलाम, 14 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलपांक पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने घर के आसपास और पीछे स्थित खेत में गांजे के पौधे लगा रखे थे। पुलिस ने मौके से गांजे के कुल 28 पौधे जब्त किए हैं, जिनका वजन 18 किलो 670 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 72 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पानखेड़ा निवासी दयाराम पिता मानसिंह ने अपने घर के आसपास और पीछे स्थित खेत में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर के आसपास और पीछे स्थित खेत की तलाशी ली गई। इस दौरान खेत के किनारे हरी पत्तियों वाले गांजे के कुल 28 पौधे मिले। आरोपी के पास गांजे की खेती करने की कोई वैध अनुमति नहीं थी। पुलिस ने सभी पौधों को विधिवत जब्त कर लिया।
NDPS एक्ट में केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी दयाराम गोदार (40), निवासी ग्राम पानखेड़ा के खिलाफ थाना बिलपांक में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने कब्जे वाले खेत में गांजे के पौधे उगाना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजे के बीज कहां से लाया था और इस अवैध खेती के पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के निर्देशन में बिलपांक पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अय्यूब खान, उनि. अल्केश सिंगाड़, उनि. सुरेश गोयल, सउनि. मानालाल दसोरिया, प्रधान आरक्षक अनिल शुक्ला, आरक्षक मुकेश कुमावत, नितेश निनोर एवं रोशन राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।