रतलाम, 14 नवम्बर (खबरबाबा.कॉम)। शहर में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात में चार बाइक चोरी की वारदात के बाद अब सालाखेड़ी में बदमाशों ने पुलिस चौकी के पास ही बड़ी चोरी को अंजाम दिया है। सालाखेड़ी चौकी के पास स्थित एक हार्डवेयर और बिल्डिंग मटेरियल की दुकान को निशाना बनाकर बदमाश करीब 4 किलो चांदी के जेवर और साढ़े 3 से 4 लाख रुपए नकद चुरा ले गए। चोरी गई चांदी की कीमत करीब 7.20 लाख रुपए बताई जा रही है। बदमाश नकदी से भरी करीब 20 किलो वजनी तिजोरी भी उठाकर ले गए।
वारदात शुक्रवार रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। बदमाश दुकान के पीछे की ओर से पतरे के टीन शेड की छत फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद ऑफिस में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे चांदी के जेवरों के बॉक्स निकाल लिए। पास ही रखी नकदी से भरी करीब 20 किलो वजनी तिजोरी भी बदमाश अपने साथ ले गए।
बेटे के लिए शुरू किया था चांदी का कारोबार
दुकान संचालक गिरिश गांधी ने अपने बेटे के लिए चांदी का ऑनलाइन कारोबार शुरू किया था। इसके लिए तीन दिन पहले ही चांदी के जेवर खरीदकर दुकान के ऑफिस में रखे गए थे। करीब 4 किलो चांदी आलमारी में रखी थी, जिसकी कीमत लगभग 7.20 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं, साढ़े 3 से 4 लाख रुपए नकद तिजोरी में रखे हुए थे।
सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर शनिवार दोपहर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश और वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।