रतलाम, 19 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े आदतन अपराधियों के खिलाफ एसपी अमित कुमार के निर्देश पर रतलाम पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अब पुलिस केवल नशे के कारोबार में पकड़े जाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि बार-बार इस अवैध धंधे में संलिप्त होने वाले अपराधियों को लंबे समय तक आपराधिक गतिविधियों से दूर रखने के लिए PIT NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी कर रही है। इसी कड़ी में नवंबर माह में सात आदतन अपराधियों को निरोध आदेश के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक 16 आदतन मादक पदार्थ अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक वारंट जारी किए गए हैं। इनमें से 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। खास बात यह है कि जिले में वर्ष 2025 से पहले इस तरह की कार्रवाई व्यापक स्तर पर नहीं हुई थी। वर्ष 2025 में पहली बार छह आदतन मादक पदार्थ अपराधियों के खिलाफ इस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें निरोध आदेश के तहत जेल भेजा गया था।
नवंबर में इन सात अपराधियों पर कार्रवाई
नवंबर माह में पुलिस ने जिन सात आदतन अपराधियों को PIT NDPS एक्ट के तहत निरुद्ध कर जेल भेजा है, उनमें नारायण सिंह पिता भारत सिंह (43), निवासी ताल,फरहान पिता अकरम (19), निवासी जावरा,गोपाल पिता स्व. भग्गा (50), निवासी आलोट,कमल पिता श्रवण सिंह मोंगिया ताल, आशीष सोनी (32) रतलाम, गुलबदर खान (47), निवासी रिंगनोद और उस्मान खां (47), निवासी थाना जावरा शामिल हैं।
गिरफ्तारी से लेकर अवैध संपत्ति फ्रीज करने तक रणनीति
रतलाम पुलिस ने नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए बहुआयामी रणनीति अपनाई है। इसके तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही इस कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही है। जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा अपराधों में संलिप्त होने वाले आदतन अपराधियों पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही PIT NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर ऐसे अपराधियों को जेल भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का फोकस केवल स्थानीय स्तर पर सक्रिय तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके नेटवर्क और सहयोगियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर भी प्रहार
एसपी अमित कुमार की इस रणनीति का उद्देश्य नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों को पकड़ने के साथ ही उनके आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना और बार-बार अपराध करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है। पुलिस का मानना है कि आदतन अपराधियों के खिलाफ PIT NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने जैसे कदम नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।