रतलाम,19 नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। आदिवासी अंचल की बेटियां भी बड़े सपने देखती हैं और उन्हें पूरा करने का हौसला भी रखती हैं। इसका प्रेरणादायक उदाहरण बांजना तहसील के छोटे से गांव उमरिया की बेटी मनीषा निनामा ने पेश किया है। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी मनीषा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर डॉक्टर बनने के अपने सपने की ओर एक बड़ी सफलता हासिल की है। NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त कर मनीषा को भोपाल के आरकेडीएफ मेडिकल कॉलेज में MBBS की सीट मिली है।
मनीषा ने कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई कन्या शिक्षा परिसर, सैलाना से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर बनने का लक्ष्य निर्धारित कर NEET की तैयारी शुरू की। एक वर्ष तक लगातार मेहनत, नियमित अध्ययन और सही मार्गदर्शन के साथ उन्होंने अपनी तैयारी को मजबूत किया। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें MBBS में प्रवेश मिल गया।
परीक्षा की चुनौतियों के बावजूद नहीं मानी हार
मनीषा की सफलता का सफर आसान नहीं रहा। NEET परीक्षा को लेकर आई अनिश्चितताओं, परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक जैसी परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपना धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखा। उन्होंने निराश होने के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित रखा। अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट की पूरी टीम के मार्गदर्शन और सहयोग से उन्होंने अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास जारी रखे।
मनीषा बताती हैं कि उनके गांव में उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जागरूकता एवं उचित मार्गदर्शन के अवसर सीमित हैं। इसके बावजूद उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए पूरी मेहनत की।
बेटी की सफलता से पिता का सीना गर्व से चौड़ा
मनीषा के पिता सुरेश निनामा बताते हैं कि जब से मनीषा पढ़ाई के लिए घर से बाहर गई, तभी से उसके मन में कुछ बड़ा बनने का जुनून था। उसने अपने इसी जुनून को पढ़ाई में लगाया और लगातार मेहनत करती रही। आज बेटी को डॉक्टर बनने की राह पर आगे बढ़ते देखकर पूरा परिवार गौरवान्वित है।
अभ्यास की टीम पहुंची उमरिया गांव, परिवार का किया सम्मान
मनीषा की इस उपलब्धि पर अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट की टीम उसके गांव उमरिया पहुंची और मनीषा एवं उसके परिवार का सम्मान कर उन्हें बधाई दी। टीम ने परिवार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
मनीषा की सफलता उन तमाम बालिकाओं के लिए प्रेरणा है, जो दूरदराज के गांवों में रहकर डॉक्टर बनने का सपना देखती हैं, लेकिन उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में आगे बढ़ने में कठिनाइयां महसूस करती हैं। मनीषा ने साबित कर दिया कि सफलता के लिए बड़े शहर में रहना जरूरी नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन जरूरी है।
अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य रतलाम और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के डॉक्टर बनने के सपनों को साकार करने में सहयोग करना है। अभ्यास की टीम विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हर वर्ष गांव-गांव से विद्यार्थी मेहनत और लगन के दम पर मेडिकल कॉलेजों तक पहुंच रहे हैं। मनीषा जैसी बेटियों की सफलता ही संस्थान के प्रयासों की असली उपलब्धि है।
उमरिया की मनीषा ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधन की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से आदिवासी अंचल की बेटियां भी अपने सपनों को नई उड़ान दे सकती हैं।