रतलाम, 21नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर डीडी नगर थाना क्षेत्र के लालगुवाड़ी गांव में शुक्रवार आधी रात पुलिस ने जुए के अड्डे पर दबिश दी तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस को देखते ही जुआरी इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर 9 लोगों को पकड़ लिया, लेकिन भागने की कोशिश में जुआ अड्डा संचालक राजू टांक और पीयूष जैन गिरकर घायल हो गए। दोनों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
पुलिस ने मौके से 1 लाख 85 हजार रुपए नकद, ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है। इसके अलावा तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रतलाम के अलावा धार और झाबुआ जिले के लोग भी शामिल हैं।
शेड में चल रहा था जुए का अड्डा
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात डीडी नगर थाना क्षेत्र के लालगुवाड़ी में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीडी नगर और माणकचौक थाने की संयुक्त टीम बनाई गई।
रात करीब 12 बजे सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव और माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मंदिर के पास बने पतरे के शेड में दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 9 लोगों को पकड़ लिया।
इनमें जुआ अड्डा संचालित करने वाला राजू टांक (40) और पीयूष जैन (35) भी शामिल थे। दोनों भागने के दौरान गिर पड़े और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
1.85 लाख नकद और तीन वाहन जब्त
पुलिस ने मौके से 1 लाख 85 हजार रुपए नकद, ताश के पत्ते, बैटरी, हेलोजन लाइट और वायर जब्त किए हैं। जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी पुलिस ने जब्त किए।इनमें बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी, बाइक और गुजरात पासिंग कार शामिल है।
कोर्ट ले जाते समय खराब हुआ पुलिस वाहन, पैदल निकले आरोपी
इस कार्रवाई का एक दिलचस्प घटनाक्रम शनिवार दोपहर सामने आया। करीब 3 बजे पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट ले जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान बाजना बस स्टैंड के पास पुलिस वाहन खराब हो गया।इसके बाद पुलिसकर्मी आरोपियों को कुछ दूरी तक पैदल लेकर चले। बाद में दूसरा वाहन आने पर सभी आरोपियों को उसमें बैठाकर कोर्ट पहुंचाया गया।
डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव के मुताबिक, सभी 9 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी राजू टांक के खिलाफ अवैध शराब और मारपीट के पहले से 7 से 8 मामले दर्ज हैं।
9 आरोपी गिरफ्तार
1. राजू टांक (40), निवासी करमदी रोड, रतलाम।
2. पीयूष जैन (35), निवासी रामगढ़, रतलाम।
3. जगदीश (45), निवासी लालगुवाड़ी, रतलाम।
4. भरत (20), निवासी बोरदा, रतलाम।
5. अक्षय टाक (30), निवासी करमदी रोड, रतलाम।
6. अबरार (27), निवासी रेल नगर, रतलाम।
7. मुकेश (30), निवासी कजलोरा, जिला धार।
8. नगरसिंह (60), निवासी विवेकानंद कॉलोनी, झाबुआ।
9. इमरान (30), निवासी भोज मार्ग, झाबुआ।