रतलाम, 28 नवंबर (खबरबाबा. कॉम)। आज जिस आलोट क्षेत्र को हम रतलाम जिले के एक हिस्से के रूप में जानते हैं, उसकी धरती हजारों साल पहले भी विकसित मानवीय सभ्यता, कृषि, शिल्प और व्यापारिक गतिविधियों की गवाह रही है। यहां की मिट्टी में दबा इतिहास अब धीरे-धीरे सामने आ रहा है। पुरातात्विक सर्वेक्षण में करीब 2500 से 3000 वर्ष पुराने सभ्यता स्थल, डेढ़ किलोमीटर लंबा प्राचीन टीला, मौर्यकालीन ईंटों के अवशेष और ताम्राश्मकालीन संस्कृति से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। इतना ही नहीं, कुछ विशेष प्रकार के मिट्टी के पात्रों के टुकड़ों ने इस क्षेत्र के प्राचीन काल में रोम जैसी विदेशी सभ्यताओं के साथ व्यापारिक संपर्क होने की संभावना की ओर भी पुराविदों का ध्यान खींचा है।
