रतलाम, 6मार्च (खबरबाबा.काम)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को न्याय यात्रा लेकर रतलाम पहुंचे। यहां उन्होंने फव्वारा चौक पर उपस्थित जनों को संबोधित किया। इसके बाद राहुल गांधी का काफिला तेज रफ्तार से सैलाना की और बढ़ गया। शहर में नाम का रोड शो रहा।
राहुल गांधी की न्याय यात्रा उज्जैन जिले के बाद बुधवार को रतलाम पहुंची। करीब 5:15 बजे राहुल गांधी का काफिला शहर के महू रोड स्थित फवारा चौक पर पहुंचा। उनके साथ यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।
संबोधन की शुरुआत में पूछा-कैसे हैं आप लोग
शाम 5:25 पर राहुल गांधी ने अपना संबोधन शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने उपस्थित जनों से पूछा-‘कैसे हैं आप लोग”। राहुल गांधी ने कहा कि वह आर्थिक और सामाजिक न्याय की बात को लेकर यह यात्रा निकाल रहे हैं। राहुल गांधी ने करीब 11 मिनट का संबोधन दिया।
माइक ने किया परेशान,राहुल गांधी को कहना पड़ा- माइक सही नहीं है
राहुल गांधी के भाषण के लिए अच्छे माइक की व्यवस्था तक भी नहीं हो पाई। संबोधन के दौरान राहुल गांधी को भी कहना पड़ा- माइक सही नहीं है। भाषण के बीच में माईक बन्द हो गया। माइक कार्डलेस था,इसलिए राहूल की जीप को कुछ आगे लाया गया,ताकि माइक निर्बाध रुप से चल सके। लेकिन इसके बाद उन्होने कुछ मिनट के बाद भाषण समाप्त कर दिया।
राहुल गांधी का किया स्वागत
न्याय यात्रा लेकर रतलाम आए राहुल गांधी का स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया। शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष फैयाज मंसूरी एवं कांग्रेस नेता आशीष डेनियल ने समर्थकों के साथ राहुल गांधी एवं अन्य कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया।
दो बत्ती तक रोड शो और फिर तेज रफ्तार से निकल गया काफिला
शहर में यूं तो राहुल गांधी का रोड शो था लेकिन यह नाम का दिखाई दिया। भाषण के पश्चात फव्वारा चौक से आगे बढे राहूल का काफिला शहर में कहीं नहीं रुका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहूल के मार्ग पर कई स्वागत मंच बनाए थे। लेकिन राहूल किसी भी स्वागत मंच पर नहीं रुके। काफिले के कुछ आगे बढने के बाद तो राहूल गांधी जीप में सीट पर बैठ गए। इसी वजह से स्वागत मंचों पर मौजूद कई कांग्रेस कार्यकर्ता राहूल को देख भी नहीं पाए। राहूल का काफिला कुछ ही देर में रतलाम शहर की सीमा पार कर डेलनपुर पंहुच गया।
टू व्हीलर पर बैठकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दो बत्ती पहुंच गए
राहुल गांधी का काफिला जब फव्वारा चौक पर पहुंचा तब यात्रा में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वहां से एक दुपहिया वाहन के पीछे सवार होकर दो बत्ती स्थित एक प्रतिष्ठान पर पहुंचे। वहां मौजूद लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो कई लोग उनसे मिलने पहुंच गए।