इंदौर,26 मार्च(खबरबाबा. कॉम)।लोकायुक्त संगठन इंदौर ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झाबुआ जिला पंचायत में पदस्थ जिला कार्यक्रम प्रबंधक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी ने नौकरी पर दोबारा रखने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक मांजुसिंह परमार (32) निवासी ग्राम रूपाखेड़ा, तहसील रानापुर, जिला झाबुआ, जिला पंचायत में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। 10 मार्च 2026 को उसकी सेवा समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद जब वह दोबारा नौकरी के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक यश पंवार से मिला, तो आरोपी ने पुनः ज्वाइनिंग दिलाने के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
आवेदक ने इसकी शिकायत इंदौर लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय से की। शिकायत के सत्यापन में मामला सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया।
गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान रंगे हाथों नहीं पकड़ पाए, लेकिन आरोपी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में शामिल टीम
एसपी डॉ राजेश सहाय के निर्देश पर ट्रैप दल का नेतृत्व कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान ने किया। टीम में आरक्षक विजय कुमार, कमलेश परिहार, चन्द्रमोहन सिंह बिष्ट और आदित्य सिंह भदौरिया शामिल रहे।
