रतलाम, 30मई (खबरबाबा.कॉम)। जिले के शिवगढ़-रावटी मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन नहीं रोकता हुआ महिला को कुचलकर फरार हो गया।
हाट जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रावटी थाना क्षेत्र की बिलड़ी ग्राम पंचायत के भागवाड़ा मोहल्ला निवासी सुखराम अमलियार अपनी पत्नी संगीता, 10 वर्षीय बेटे पूनमचंद और साले बंटी मुनिया के साथ रावटी हाट जा रहे थे। बाइक बंटी मुनिया चला रहा था।
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे रावटी से लगभग 2 किलोमीटर पहले ग्राम आड़ापथ के समीप पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बिखर गया परिवार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सुखराम, उनका बेटा और साला सड़क पर घिसटते हुए दूर जा गिरे। वहीं संगीता सड़क की दूसरी ओर जा गिरीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक ने वाहन रोकने के बजाय महिला को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी और मां की हालत देखकर पति सुखराम और बेटा भी बदहवास हो गए।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल रावटी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।मृतका के पति सुखराम ने बताया कि परिवार हाट के लिए रावटी जा रहा था, तभी पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। मृतका अपने पीछे 10 वर्षीय पुत्र और 12 वर्षीय पुत्री को छोड़ गई हैं।
डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी
एसपी अमित कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है। चालक घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।