इंदौर, 15 जून(खबरबाबा. कॉम)।भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त इंदौर की बड़ी कार्रवाई में खाद्य विभाग के एक कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी और उसके कथित दलाल को रिश्वतखोरी के मामले में घेरा गया है। लोकायुक्त टीम ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गेट नंबर-2 के सामने एक चाय की गुमटी पर कार्रवाई करते हुए दलाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम घीसलाय, तहसील सोनकच्छ (जिला देवास) स्थित पटेल एचपी गैस ग्रामीण वितरक एजेंसी के सह-संचालक प्रमोद दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खाद्य विभाग इंदौर में पदस्थ कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राहुल शर्मा ने कमर्शियल गैस सिलेंडर अधिक कीमत पर बेचने का केस बनाने की धमकी देकर मामले से बचाने के एवज में 2.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के अनुसार बातचीत के बाद रिश्वत की राशि 1.50 लाख रुपये में तय हुई, जिसमें से एक लाख रुपये पहले ही ले लिए गए थे। शेष 50 हजार रुपये की मांग लगातार की जा रही थी। इससे परेशान होकर प्रमोद दुबे ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ.राजेश सहाय से शिकायत की।
लोकायुक्त द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर 15 जून को ट्रैप दल का गठन किया गया। योजना के तहत आरोपी अधिकारी के कहने पर उसके सहयोगी रामू लोहिया को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये देने पहुंचे फरियादी से रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
इसके बाद लोकायुक्त टीम ने रामू लोहिया को राशि लेकर राहुल शर्मा तक पहुंचने के लिए भेजा। संपर्क होने पर राहुल शर्मा ने उसे कलेक्ट्रेट परिसर के गेट नंबर-2 के सामने स्थित चाय की दुकान पर बुलाया। जब रामू ने रिश्वत की राशि से भरा लिफाफा राहुल शर्मा को देना चाहा तो उसने कार्यालय परिसर में रकम लेने से इनकार करते हुए बाद में घर आकर लेने की बात कही।
लोकायुक्त अधिकारियों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व कार्यवाहक निरीक्षक आशुतोष मिठास ने किया। ट्रैप दल में विवेक मिश्रा, राकेश मिश्रा, शैलेन्द्र सिंह बघेल, विजय कुमार, शिवप्रकाश पाराशर, पवन पटोरिया सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।