रतलाम, 14 जून(खबरबाबा. कॉम)। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला रतलाम के आह्वान पर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और रक्तदाताओं की सक्रिय सहभागिता से कुल 311 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी रतलाम के चेयरमैन प्रितेश गादिया ने बताया कि इस अवसर पर जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक, मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जावरा सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान अभियान संचालित किया गया। रक्तदान के लिए किए गए आह्वान को समाज के विभिन्न वर्गों से व्यापक समर्थन मिला।
इन संस्थाओं ने लगाए रक्तदान शिविर
रक्तदान अभियान में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जावरा, बढ़ावदा सेवा समिति, अंकित कटारिया मित्र मंडल रतलाम, लायंस क्लब जावरा, परस्पर संस्था रतलाम, खुशी एक पहल संस्था रतलाम तथा भारत विकास परिषद जावरा सहित कई सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर शिविर आयोजित कर रक्तदान करवाया।
रक्तदाताओं का किया सम्मान
इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया तथा संचालक मंडल के सदस्य हेमंत मूणत, राजेश रांका, दिनेश बरमेचा एवं सुलोचना शर्मा उपस्थित रहे।
वहीं, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों अंकित कटारिया, महेश अग्रवाल, अमन माहेश्वरी, वीरेंद्र सिसोदिया, धर्मेंद्र तोमर, शेखर नाहर और राजेश पोरवाल सहित अन्य सदस्यों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका सम्मान किया।
‘रक्तदान महादान है’ : प्रितेश गादिया
कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रेडक्रॉस चेयरमैन प्रितेश गादिया ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है।” उन्होंने सभी समाजसेवी संस्थाओं, संगठनों एवं रक्तदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।