रतलाम,23जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। जिले के धामनोद गांव के होनहार छात्र अर्जुन पाटीदार ने NEET-2026 में 581 अंक प्राप्त कर पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ अर्जुन ने डॉक्टर बनने का सपना साकार किया और अपने परिवार के पहले डॉक्टर बनने का गौरव प्राप्त किया। उनकी सफलता से पूरे धामनोद गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
अर्जुन ने कक्षा 12वीं तक की शिक्षा उत्कृष्ट विद्यालय, रतलाम से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट, रतलाम में एक वर्ष तक नियमित एवं अनुशासित तैयारी की। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने NEET-2026 में 581 अंक अर्जित कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
इस उपलब्धि पर धामनोद में पाटीदार समाज द्वारा अर्जुन का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमावत एवं संस्थान की टीम ने अर्जुन का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर माणक चौक विद्यालय के भौतिक विज्ञान के प्राध्यापक राकेश सिंह जादौन ने कहा कि अर्जुन की सफलता इस बात का प्रमाण है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से गांव का विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अर्जुन को धामनोद के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट के शिक्षक नीरज गुप्ता ने कहा कि अर्जुन ने पूरे वर्ष अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी की। उसकी सफलता प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।
धामनोद के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जानकीलाल पाटीदार ने अर्जुन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसकी मेहनत और परिवार का सहयोग उसकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहे।
अर्जुन के पिता रामगोपाल पाटीदार ने कहा कि इस सफलता में अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्थान के शिक्षकों के व्यक्तिगत मार्गदर्शन, नियमित टेस्ट और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण ने अर्जुन को परिवार का पहला डॉक्टर बनने की दिशा में सफलता दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श द्विवेदी ने किया। समारोह में पाटीदार समाज के अध्यक्ष देवीलाल पाटीदार, सचिव कांतिलाल, उपाध्यक्ष पूनमचंद, शक्ति सिंह सिसोदिया, पुष्कर पाटीदार, नवीन ठाकुर, पवन जायसवाल, गोपाल पाटीदार सहित समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।