रतलाम, 6 जुलाई (खबरबाबा.कॉम)।शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महू रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के पीछे नाले में शव पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि महू रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के पीछे नाले में एक व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक की शिनाख्त के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मौत के कारणों के संबंध में अधिक जानकारी सामने आ सकेगी।