रतलाम, 6 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने गुरुवार को जिले के राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में रतलाम की पहचान प्रदेश के टॉप-5 जिलों में रही है और इसे हर हाल में बनाए रखना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदार उपस्थित रहे।कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित सभी राजस्व मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी सक्रियता और गंभीरता के साथ कार्य करें, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके।
सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विशेष निर्देश दिए कि पटवारी द्वारा तैयार की जाने वाली सीमांकन रिपोर्ट में पूर्व सीमांकन का पूरा विवरण अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। साथ ही सीमांकन दल प्रत्येक मामले में पुराने सीमांकन का रिकॉर्ड मौके पर लेकर जाए, जिससे पुराने और वर्तमान सीमांकन का निष्पक्ष परीक्षण कर नियमानुसार निर्णय लिया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व अधिकारियों द्वारा पारित आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए लोक सेवा प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से आदेशों के अनुपालन की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
बैठक में नामांतरण, बंटवारा, राजस्व वसूली, भू-अर्जन, मुआवजा वितरण, पीएम किसान, ई-केवाईसी, फार्मर रजिस्ट्री, आधार सीडिंग, भूमि स्वामी परिमार्जन, साइबर तहसील, सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े मामलों की भी विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।