रतलाम, 7 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)।जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुक्रवार को ग्राम पंचायत किशनगढ़ (जनपद पंचायत आलोट) से शुभारंभ किया गया। आयोजित शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया, आलोट विधायक चिंतामणि मालवीय, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित जनप्रतिनिधि और जिला व विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान जनसंवाद एवं जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। प्राप्त आवेदनों और शिकायतों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर युवा उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों से भी संवाद कर उनके सुझाव और अनुभव साझा किए गए।
जनसुनवाई में सड़क एवं पुल निर्माण, नाली, ग्रामीण सड़कें, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, नवीन विद्युत ग्रिड, अतिक्रमण, स्कूल भवनों की मरम्मत, श्मशान घाट का स्थानांतरण और फसल बीमा सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
विधायक चिंतामणि मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान केवल सामूहिक नहीं बल्कि व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान पर भी केंद्रित रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले पांच माह तक अधिकारी नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य नियमों और पारदर्शिता के साथ किए जाएं। यदि किसी समस्या का समाधान नियमों के कारण संभव नहीं हो तो संबंधित व्यक्ति को सम्मानपूर्वक कारण बताया जाए। उन्होंने नल-जल योजना के प्रभावी संचालन, प्रशासनिक संवेदनशीलता और आलोट क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।
शिविर में आयोजित उद्यम संवाद में चंद्रशेखर शर्मा, जितेंद्र सिंह, राहुल जैन और मंगलेश पांचाल सहित अन्य उद्यमियों ने अपने उद्योगों और नवाचारों की जानकारी दी तथा उद्योग विस्तार से जुड़े सुझाव रखे। वहीं उन्नत किसानों बने सिंह, संजय शर्मा और विशाल जायसवाल सहित अन्य किसानों ने जैविक खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और आधुनिक कृषि तकनीकों के अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।