रतलाम, 21 अगस्त (खबरबाबा.कॉम)। डायमंड(हीरे) के व्यवसाय में निवेश करने पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक फास्ट फूड व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शुरुआत में आरोपी द्वारा कुछ राशि वापस कर पीड़ित का विश्वास जीतने के बाद लगातार बड़ी रकम निवेश करवाई गई। बाद में आरोपी ने कारोबार में घाटा होने का हवाला देते हुए रुपए लौटाना बंद कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फास्ट फूड व्यवसायी महेंद्रसिंह (30) ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मुलाकात एक दोस्त के माध्यम से रवींद्रसिंह टांक (33) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम इंदौर से हुई थी।
महेंद्रसिंह के अनुसार, 12 फरवरी 2025 को रवींद्रसिंह अपने साथी हरजिंदरसिंह के साथ उसके घर आया था। इस दौरान रवींद्रसिंह ने खुद को डायमंड व्यवसाय से जुड़ा बताते हुए कहा कि यदि इस कारोबार में निवेश किया जाए तो रकम दोगुनी हो सकती है।
उसकी बातों में आकर महेंद्रसिंह ने 13 फरवरी 2025 को अपनी मां के मोबाइल से रवींद्रसिंह के मोबाइल पर 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद महेंद्रसिंह ने अपने, बड़े भाई, भाभी और एयरटेल पेमेंट बैंक के माध्यम से भी आरोपी के खाते में राशि भेजी।
शुरुआत में करीब 7 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करने के बाद आरोपी ने 3 लाख रुपए वापस कर दिए, जिससे महेंद्रसिंह का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद 13 फरवरी से 21 मार्च 2025 के बीच उसने अपने और परिजनों के खातों से अलग-अलग किस्तों में करीब 20 लाख रुपए आरोपी के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित का आरोप है कि जब रकम काफी अधिक हो गई तो आरोपी ने रुपए लौटाना बंद कर दिया। पूछने पर वह कारोबार में घाटा होने की बात कहकर कुछ दिनों में व्यवस्था कर रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा। पीड़ित के अनुसार, पिछले जून माह से अब तक आरोपी केवल आश्वासन ही दे रहा है।मामले में पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।