रतलाम, 19 अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। पिपलौदा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 ग्राम MD ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख कीमत की MD ड्रग्स और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 2.40 लाख का मशरूका जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी, दो आरोपी पकड़े
एसपी अमित कुमार के निर्देशन में, एएसपी विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी पिपलौदा निरीक्षक रमेश कोली के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सुखेड़ा उप निरीक्षक राजू मखोड एवं पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को चौकी सुखेड़ा पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावरा की ओर से पिपलौदा की तरफ काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से दो युवक आ रहे हैं, जिनके पास अवैध MD ड्रग्स है।
सूचना पर पुलिस टीम ने जावरा-पिपलौदा रोड स्थित पंचेवा फंटे पर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के दो युवक मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की।
मोटरसाइकिल के आगे नंबर प्लेट नहीं थी, पूछताछ में चालक ने अपना नाम मोईन पिता शाबिर अब्बासी (20), निवासी बिजली घर के पीछे, जावरा तथा पीछे बैठे युवक ने **फैजान उर्फ जादू पिता फरीद पठान (23), निवासी बिजली घर के पीछे, जावराबताया।
तलाशी में 20 ग्राम MD बरामद
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। इस दौरान फैजान उर्फ जादू के कब्जे से करीब 20 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में तीसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों से MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और संभावित खरीदारों के संबंध में पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर परवेज पिता रईस खान (27), निवासी नई आबादी, ग्राम बाराखेड़ा, थाना पिपलौदा की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब तीनों आरोपियों से MD ड्रग्स की सप्लाई, स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।