रतलाम, 1नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। छोटे शहरों की प्रतिभाओं को बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों में करियर बनाने का अवसर मिल रहा है। इसी दिशा में श्री योगीन्द्र सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SYSITS), रतलाम में पहली बार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के वॉक-इन रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। 23 अक्टूबर को आयोजित इस भर्ती अभियान में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से कुल 15 विद्यार्थियों का चयन हुआ। खास बात यह रही कि चयनित विद्यार्थियों में SYSITS के सात विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सफलता हासिल की।
भर्ती अभियान के अंतर्गत TCS की ओर से BPS (Back Office Operations – Data Processing Transactions) पद के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें कंपनी की भर्ती टीम के आठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। HR टीम में श्रीमती महिमा भदौरिया, श्री निहाल वालेचा, सुश्री आयुषी भार्गव और प्रांजल कल्याणे शामिल रहे, जबकि पैनल सदस्य के रूप में वरिष्ठ प्रबंधक उचित पटेल, सावन कुमार शर्मा, गौरव शर्मा और धर्मवीर सिंह ने विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया।
SYSITS के सात विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
इस भर्ती प्रक्रिया में SYSITS, रतलाम से जिया बैरागी, ईशा कटारिया, पीयूष राणा, नाज़नीन खान, सोनल तंवर, भोलेश्वर बैरागी और माहिर खान शेरानी का चयन हुआ।
T&P सेल की पहल से संभव हुआ आयोजन
रतलाम में पहली बार TCS के वॉक-इन रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन संस्थान के नेतृत्व, प्रबंधन के सहयोग और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट (T&P) सेल की सक्रिय पहल का परिणाम रहा। संस्थान के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन तथा डीन एकेडमिक्स प्रो. गोविंद झंवर के सहयोग से इस पहल को साकार किया गया।
T&P सेल के समन्वयक प्रो. बलविंदर सिंह गुरदत्ता ने TCS के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय स्थापित कर भर्ती अभियान को रतलाम तक लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों तक अवसर की जानकारी पहुंचाने, पंजीयन के लिए प्रेरित करने, प्रचार-प्रसार और नियमित फॉलोअप की जिम्मेदारी संभाली। साथ ही रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों से संपर्क कर वहां के विद्यार्थियों को भी इस भर्ती अभियान से जोड़ा गया।
संस्थान प्रबंधन ने दी बधाई
आयोजन की सफलता पर संस्थान के सहसंचालक उमेश शर्मा और वरदान शर्मा ने T&P सेल को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए भविष्य में भी इसी तरह सक्रिय और निरंतर प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही संस्थान के प्राध्यापकों, विभिन्न समितियों और SYSITS परिवार के सभी सदस्यों के योगदान की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
यह आयोजन उद्योग जगत और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे यह भी साबित हुआ कि प्रतिष्ठित कंपनियों में करियर बनाने के अवसर केवल महानगरों तक सीमित नहीं हैं। छोटे शहरों के विद्यार्थी भी अपनी योग्यता और कौशल के दम पर बड़ी कंपनियों में स्थान बना सकते हैं।