रतलाम, 28 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला रतलाम शाखा अब स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों में भी अपनी भागीदारी बढ़ाएगी। दिसंबर माह में नई मशीन और आधुनिक सुविधाओं से लैस रेडक्रॉस सोनोग्राफी सेंटर का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक गतिविधियां और हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों के नेत्र परीक्षण की पहल भी की जाएगी।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा की बैठक गुलाब चक्कर स्थित कार्यालय पर कलेक्टर एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष अजय कटेसरिया के निर्देशानुसार आयोजित की गई। चेयरमैन प्रीतेश गादिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी गतिविधियों और जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
बैठक में रेडक्रॉस सोनोग्राफी सेंटर को नई मशीन के साथ शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। सेंटर के भवन का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो चुका है। आगामी माह में इसका शुभारंभ करने की रूपरेखा बनाई गई। सेंटर में मरीजों की सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थित प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी जानकारियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी मिल सके।
2 दिसंबर को संविधान पर वाद-विवाद प्रतियोगिता
रेडक्रॉस द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों में भी योगदान दिया जाएगा। इसी क्रम में 2 दिसंबर को शासकीय कैलाशनाथ काटजू विधि महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए संविधान विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। भविष्य में विद्यार्थियों के लिए अन्य शैक्षणिक गतिविधियां और आयोजन करने पर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई।
हाईवे के वाहन चालकों का होगा नेत्र परीक्षण
बैठक में सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाईवे पर वाहन चलाने वाले ड्राइवरों के नेत्र परीक्षण कराने का निर्णय भी लिया गया। इसका उद्देश्य वाहन चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में सहयोग करना है।
बैठक में वाइस चेयरमैन सुशील मुणत, सचिव मानस पुरोहित, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया, हेमंत मुनत, दिनेश बरमेचा, सुलोचना शर्मा, अशोक जैन लाला, राजेश राका, सुनील पारीक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर सहमति व्यक्त की।