रतलाम 10 जून(खबरबाबा. कॉम) । मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून एवं अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून की अवधि में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किये जाने के तहत 12 से 14 जून तक नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित फायर स्टेशन भवन पर कार्यालयीन समय में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किया गया है।
जिला कलेक्टर मिशा सिंह के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्र रतलाम हेतु 12 से 14 जून तक नगर निगम कार्यालय परिसर स्थित फायर स्टेशन भवन पर तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया है। आयोजित शिविर में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जायेगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जायेगा।
आयोजित शिविर में केन्द्र एवं राज्य शासन की प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं (सेचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित) के पात्र किन्तु वंचित हितग्राहियों की विभागीय मैदानी अमले के सहयोग से पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण की कार्यवाही प्राथमिकता से की जायेगी। षिविर में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों के आवेदन भी प्राप्त कर उनका पंजीयन एवं निराकरण किया जायेगा।
शिविर में नियुक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी विभागीय योजनाओं, सेवाओं, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर निराकरण करना सुनिश्चित करेंगे । अभियान के दौरान चिन्हांकित योजनाओं में प्राप्त आवेदनों को दर्ज करने एवं निराकरण संबंधी कार्यवाही सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल (cmhelpline.mp.gov.in) के माध्यम से की जायेगी। पोर्टल में एक पृथक मॉड्युल तैयार कर अधिकारियों को लॉगिन उपलब्ध कराने की सुविधा दी गई है।
आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदाय की जाने वाली सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी हेतु विभागीय स्टॉल स्थापित किये जायेंगे तथा पात्र हितग्राहियों को आवेदन, पंजीयन एवं सेवा वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जायगी। शिविर में लाभ वितरण, हितग्राही संवाद, सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण तथा योजनाओं के संबंध में जनजागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की जायेगी।
ऐसे आवेदन जिनका निराकरण तत्काल संभव न हो, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को सूचित किया जायेगा तथा प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जायेगी।