रतलाम, 23 जून(खबरबाबा. कॉम)। मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड पर लंबे समय बाद बलवा ड्रिल (Riot Control Drill) का अभ्यास कराया गया।
इस अभ्यास में जिले के विभिन्न थानों, चौकियों एवं कार्यालयों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण एवं विपरीत परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान दंगाइयों द्वारा किए जा रहे पथराव की स्थिति का प्रदर्शन किया गया तथा पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित कर तितर-बितर करने का अभ्यास किया।
अभ्यास के लिए पुलिस जवानों की अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिनमें टियर गैस पार्टी, लाठी पार्टी, राइफल पार्टी एवं मेडिकल पार्टी शामिल थीं। प्रत्येक टीम को उसकी जिम्मेदारियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य कानून व्यवस्था ड्यूटी, धरना-प्रदर्शन एवं अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करना है, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित रखते हुए भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी किशोर पाटनवाला(रतलाम),संदीप मालवीय (जावरा), सीएसपी युवराज सिंह चौहान(जावरा), डीएसपी आनंद सोनी,अजय सारवान, अनिशा जैन, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार मोनिका सिंह चौहान सहित जिले के थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।