रतलाम, 24 जून(खबरबाबा. कॉम)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बुधवार को लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों में कुल 46 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर पंजाब के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में इस्तेमाल किए गए दो ट्रकों सहित करीब 32.30 लाख रुपए मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
औद्योगिक क्षेत्र जावरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर दोनों ट्रकों को पकड़ा।पहली कार्रवाई में जावरा-उज्जैन रोड पर एक ट्रक की स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखा गया 26 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। इस मामले में पंजाब के मोहाली निवासी बलविन्दर सिंह (46) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ट्रक सहित लगभग 16.30 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में धाकड़ चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान केलों से भरे ट्रक के केबिन में छिपाकर रखा गया 20 किलोग्राम डोडाचूराबरामद किया गया। इस मामले में पंजाब के गुरप्रीत सिंह (32) और मलकीत सिंह (47) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ट्रक सहित लगभग 16 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया।
दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर डोडाचूरा के स्रोत तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।