रतलाम, 22 अगस्त(खबरबाबा. कॉम)। बस स्टैंड स्थित होटल युवराज के रेस्टोरेंट में कथित रूप से ग्राहकों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिलाने के मामले में स्टेशन रोड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रेस्टोरेंट से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी शराब भी जब्त की है।
एसपी अमित कुमार के मार्गदर्शन में शहर में होटल, लॉज और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी शहर राकेश कुमार पंद्रो के नेतृत्व में स्टेशन रोड पुलिस और पुलिस लाइन से उपलब्ध बल ने क्षेत्र में होटल-लॉज की जांच की।
जांच के दौरान बस स्टैंड स्थित होटल युवराज के ग्राउंड फ्लोर पर बने रेस्टोरेंट में ग्राहकों को रुपये लेकर बैठाकर शराब का सेवन कराए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट के काउंटर और आसपास तलाशी ली, जहां से 9 अलग-अलग ब्रांड की आधी भरी अंग्रेजी शराब की बोतलें, 3 बीयर और 7 देशी शराब के क्वार्टर बरामद किए गए।
इस मामले में होटल मैनेजर योगेंद्र सिंह सिसोदिया (30)निवासी बेरछा, थाना बिलपांक के खिलाफ स्टेशन रोड थाने पर आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अब होटल के संचालन और होटल मालिक की भूमिका के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।पुलिस ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी है कि बिना वैधानिक अनुमति शराब का विक्रय, परोसना या ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाना प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।