रतलाम, 3 सितंबर(खबरबाबा. कॉम)। श्री योगींद्र सागर ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट, रतलाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता की। पूरे परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में लड्डू गोपाल की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक श्री गोपालप्रसाद शर्मा (टंच) बाबूजी, सहसंचालक वरदान शर्मा, सहसंचालक उमेश शर्मा तथा संस्था के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जन्माष्टमी के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
दही-हांडी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
जन्माष्टमी पर्व के तहत महाविद्यालय परिसर में मटकी फोड़ (दही-हांडी) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें बीटेक, बीबीए, एमबीए, बीएससी माइक्रोबायोलॉजी, बीएससी सीड टेक्नोलॉजी तथा बीए एलएलबी (ऑनर्स) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशेष रूप से छात्राओं ने भी आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भागीदारी की और अपनी प्रतिभा एवं उत्साह का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
कार्यक्रम का संचालन प्रो. मीमांशा मिश्रा एवं प्रो. पल्लवी शुक्ला ने किया। कार्यक्रम का सफल समन्वयन सांस्कृतिक समिति की प्रो. मनीषा राठौर, प्रो. अंशिता शर्मा, प्रो. टीना हसले, प्रो. शिवानी मोदी एवं प्रो. चिंत्रांशी बैरागी ने किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, शिक्षकों, अनुशासन समिति तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार डीन एकेडमिक प्रो. गोविन्द झंवर ने व्यक्त किया।यह जानकारी संस्था के सहसंचालक श्री उमेश शर्मा द्वारा जारी की गई।