इंदौर, 9 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने एसपी डॉ राजेश सहाय के निर्देशन में खंडवा जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई की है। नाहल्दा ग्राम पंचायत के सचिव कृष्ण देव पटेल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया है। आरोप है कि सचिव ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में संचालित एक निजी स्कूल का दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के एवज में स्कूल संचालक से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।
टैक्स कम करने के बदले मांगे थे 50 हजार रुपये
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह चौहान निवासी ग्राम नाहल्दा, तहसील एवं जिला खंडवा ने 5 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि खंडवा जिले में उनका निजी स्कूल संचालित है, जिसका संचालन उनके पुत्र द्वारा किया जाता है। यह स्कूल नाहल्दा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है। आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने स्कूल के दो साल के प्रॉपर्टी टैक्स, जिसकी राशि करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई थी, को कम करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर 9 अक्टूबर को आरोपी पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर ट्रैप की योजना बनाई गई।
शुक्रवार को लोकायुक्त टीम ने खंडवा में मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी जब्त की गई।
लोकायुक्त की टीम में ये रहे शामिल
यह कार्रवाई लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
ट्रैप दल में निरीक्षक प्रतिभा तोमर, आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव और श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल रहे।