रतलाम, 24 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। रतलाम जिले में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रिंगनोद थाना पुलिस ने 170 पेटी बीयर और दो वाहन जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब आरोपियों से शराब के स्रोत, परिवहन और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रिंगनोद थाना अंतर्गत असावती चौकी पुलिस ने ताल रोड स्थित गोशाला के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। वाहनों से माउंट 6000 कंपनी की बीयर की 170 पेटियां बरामद हुईं।
प्रत्येक पेटी में 24 बीयर केन थे और प्रत्येक केन 500 मिलीलीटर का था। इस तरह पुलिस ने कुल 4,080 बीयर केन, यानी 2,040 लीटर बीयर जब्त की। इसके साथ ही एक पिकअप-बोलेरो वाहन और एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार भी जब्त की गई।
मंदसौर और रतलाम जिले के निवासी हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सुरेश पिता देवराम मीणा (27) और दुर्गेश राणावत पिता महावीरसिंह राणावत (38), निवासी डोराना, जिला मंदसौर; शक्तिसिंह पिता कुशालसिंह राठौर (30), निवासी गोराड़िया गोर, जिला मंदसौर; तथा रंजीतसिंह पिता शीतलसिंह राठौर (38), निवासी कुम्हारी, जिला रतलाम शामिल हैं।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में थाना रिंगनोद पर धारा 34(2) आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में शराब कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और अवैध परिवहन के नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं, इन बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। विवेचना में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में रिंगनोद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन, असावती चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शरीफ खान, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश सीनम, आरक्षक मनोज परिहार, नारायण धाकड़, दिनेश गुर्जर, तरुण पोकरवाल और सैनिक जितेंद्र परमार की भूमिका रही।