रतलाम, 24 अक्टूबर (खबरबाबा.कॉम)। धराड़-नयाखेड़ा मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक कुएं में शुक्रवार शाम अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव करीब 10 से 15 दिन पुराना होने का अनुमान है। हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि एसडीआरएफ की टीम जब उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी, तब शरीर छूने पर ही बिखरने लगा। ऐसे में शव को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। बाद में प्लास्टिक में लपेटकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। देर रात तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे धराड़ और नयाखेड़ा के बीच सड़क किनारे स्थित कुएं से बदबू आने पर पास के खेत में मौजूद व्यक्ति को संदेह हुआ। उसने आसपास के अन्य खेत मालिकों को इसकी जानकारी दी। जब लोगों ने कुएं में जाकर देखा तो उसमें एक शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल बिलपांक थाना पुलिस को सूचना दी गई।
शव निकालने के लिए अपनाया विशेष तरीका
सूचना मिलने पर बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर शव बाहर निकलवाने की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी के अनुसार, शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। उसे पकड़कर बाहर निकालने का प्रयास करने पर शरीर बिखरने लगा।
ऐसे में शव को निकालने के लिए खाट पर प्लास्टिक बिछाई गई। सावधानीपूर्वक प्लास्टिक को शव के नीचे पहुंचाकर उसे खाट की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को उसी प्लास्टिक में लपेटकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
कपड़ों से भी नहीं हो सकी पहचान
शव की स्थिति खराब होने के कारण मौके पर मौजूद आसपास के गांवों के लोग कपड़ों के आधार पर भी मृतक की पहचान नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार, शव करीब 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए बिलपांक थाना क्षेत्र के साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।