नीमच, 12नवम्बर (खबरबाबा. कॉम)। उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को नीमच में बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि कमांडेंट द्वारा होमगार्ड सैनिक की आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के एवज में हर महीने 3 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। लोकायुक्त की टीम ने होमगार्ड कार्यालय, कोट मोहल्ला नीमच में यह कार्रवाई की।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नीमच के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान, होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से आरटीओ बैरियर नयागांव पर ड्यूटी लगाने के एवज में प्रतिमाह 3 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से उसका सत्यापन करवाया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई।
गुरुवार 12 नवंबर को लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को सैनिक महेश थोरेचा से 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया जारी थी।
डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में पहुंची टीम
यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह एवं उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई।
ट्रैप दल में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा एवं एलडीसी रश्मि शामिल रहे।