रतलाम,17नवम्बर(खबरबाबा. कॉम)। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार साबिर (60) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटे घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा 17 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के वालारुंडी के पास हुआ। कार में मुंबई के मीरा रोड निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे। परिवार मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और मुंबई से कानपुर जा रहा था।
कार में साबिर (60) पिता हसन अली, उनकी पत्नी नसीम (45) और दोनों बेटे सैफ (30) व जैद (25) सवार थे। परिवार सोमवार शाम करीब 4 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह वालारुंडी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर से टकराने के बाद खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने साबिर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटों का उपचार जारी है।
नींद की झपकी आने की आशंका
फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लंबी यात्रा के दौरान चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई होगी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।