रतलाम,22नवम्बर(खबरबाबा. कॉम)। शहर के जावरा फाटक रिक्शा स्टैंड चौराहे पर वर्ष 2020 में हुए चर्चित हत्याकांड में न्यायालय ने मुख्य आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की अदालत ने मोहम्मद युनुस खान की हत्या के मामले में आरोपी साहिल पिता सत्तार खान (27), को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और जुर्माने से दंडित किया है। करीब छह साल पुराने इस मामले में आरोपी की जुलाई 2025 में जमानत हुई थी। सजा सुनाए जाने के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया।
प्रकरण में पैरवी करने वाले अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने बताया कि मृतक मोहम्मद युनुस खान निवासी हाट की चौकी और आरोपी साहिल आपस में परिचित होने के साथ रिश्तेदार भी थे। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
21 सितंबर 2020 को सुबह करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच जावरा फाटक रोड स्थित रिक्शा स्टैंड चौराहे पर इसी रंजिश को लेकर युनुस और साहिल के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान साहिल ने अपने पास रखे धारदार लोहे के खंजर से युनुस के सीने के बाईं ओर जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युनुस को उसका भाई आरिफ और दोस्त दिलशाद अली ऑटो से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि खंजर का वार इतना गहरा था कि उससे छाती और हृदय की झिल्ली क्षतिग्रस्त हो गई थी। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युनुस की मौत हुई थी।
खून लगा खंजर बरामद, एफएसएल रिपोर्ट भी बनी अहम साक्ष्य
मृतक के भाई आरिफ खान की रिपोर्ट पर थाना स्टेशन रोड में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास एक गुमटी के नीचे छिपाया गया खून लगा धारदार खंजर बरामद किया गया।
एफएसएल जांच में यह भी प्रमाणित हुआ कि मृतक की शर्ट और बनियान पर मिले कट के निशान आरोपी से जब्त खंजर से ही बने थे। अभियोजन पक्ष की ओर से न्यायालय में कुल 21 साक्षियों के बयान कराए गए।
सुनवाई के दौरान आरोपी साहिल की ओर से बचाव में दलील दी गई कि झगड़े की शुरुआत मृतक युनुस ने की थी और उसने आत्मरक्षा में हमला किया था। हालांकि, न्यायालय ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।
न्यायालय ने पाया कि साहिल को आई चोटें साधारण प्रकृति की थीं, जबकि युनुस के हृदय के पास सीधा और गहरा घातक वार किया गया था। परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने इसे आत्मरक्षा या अचानक आवेश में किया गया कृत्य मानने से इनकार कर दिया और हत्या का दोषी ठहराया।
घायल होने और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने का बचाव भी नहीं आया काम
आरोपी साहिल ने अपने बचाव में खुद के घायल होने, जिला चिकित्सालय में भर्ती होने और पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का आधार भी प्रस्तुत किया था। न्यायालय ने इस पहलू का भी बारीकी से परीक्षण किया।
न्यायालय ने पाया कि साहिल के अस्पताल में भर्ती होने का निश्चित समय प्रमाणित नहीं हुआ। वहीं, उसने घटना के करीब आठ घंटे बाद अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने में हुई देरी का कोई विश्वसनीय और संतोषजनक कारण भी सामने नहीं आया। न्यायालय ने इन परिस्थितियों को महत्वपूर्ण मानते हुए आरोपी की रिपोर्ट को सोच-समझकर दर्ज कराए जाने की संभावना पर विचार किया। इस तरह उसका घायल होना और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराना भी आत्मरक्षा की दलील को साबित नहीं कर सका।
दो भाइयों को किया दोषमुक्त
इस हत्याकांड में साहिल के दो भाइयों सिराज खान और एजाज उर्फ एजु को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन से प्रमाणित हुआ कि घटना के समय एजाज उज्जैन में था, जबकि सिराज रतलाम में घटनास्थल से अलग स्थान पर मौजूद था। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों को दोषमुक्त कर दिया।मुख्य आरोपी साहिल को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।