रतलाम, 28 नवंबर (खबरबाबा.कॉम)। शहर में एक ओर आम उपभोक्ता नियमित रूप से जलकर भर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम के 650 नल कनेक्शन मुफ्त में संचालित हो रहे हैं। इन कनेक्शनों के कारण नगर निगम पर बिजली बिल और मेंटेनेंस का लाखों रुपए का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इस व्यवस्था पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर निगम आयुक्त को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने साफ कहा कि नियमित रूप से जलकर का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के साथ किसी भी स्थिति में अन्याय नहीं होना चाहिए। वहीं, कम बारिश के चलते आगामी दिनों में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए कलेक्टर ने टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था को समाधान मानने के बजाय स्थायी जल स्रोत विकसित करने की कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।
650 मुफ्त कनेक्शन से निगम पर लाखों का भार
नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 650 फ्री नलजल कनेक्शन संचालित हैं। इनमें करीब 300 धार्मिक स्थलों और 350 निजी क्षेत्रों के कनेक्शन शामिल हैं। कलेक्टर ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुफ्त कनेक्शनों के कारण पानी की खपत के साथ बिजली का दोहन हो रहा है और नगर निगम को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन कनेक्शनों के संचालन पर करीब 30 लाख रुपए बिजली बिल और लगभग 35 लाख रुपए मेंटेनेंस पर खर्च हो रहे हैं। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को सभी संबंधित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
टैंकरों पर निर्भरता नहीं, स्थायी समाधान की तैयारी करें
इस वर्ष जिले में कम वर्षा को देखते हुए बैठक में आगामी पेयजल संकट से निपटने की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पेयजल परिवहन को सामान्य कार्ययोजना का हिस्सा नहीं बनाया जाए। इसके बजाय स्थानीय स्तर पर स्थायी पेयजल स्रोत विकसित करने और उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की योजना बनाई जाए। अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही पेयजल परिवहन किया जा सकेगा, इसके लिए संबंधित एसडीएम की अनुमति अनिवार्य होगी। इस संबंध में पीओ डूडा को आदेश तैयार करने के निर्देश दिए गए।
तालाबों से सिंचाई पर रोक, बावड़ियों और बोरवेल की होगी पहचान
जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए कलेक्टर ने तालाबों से सीधे सिंचाई किए जाने पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों को दिए। नगरीय निकायों में पुरानी बावड़ियों, बोरवेल और अन्य वैकल्पिक जल स्रोतों को चिन्हित करने के लिए भी कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग पेयजल व्यवस्था के लिए किया जा सके। बैठक में फिलहाल ट्यूबवेल खनन पर रोक लगाने से इंकार किया गया।
अपूर्ण आवासों पर नाराजगी, अमृत 2.0 की भी समीक्षा
पीएम आवास योजना 1.0 के तहत नगर परिषद पिपलौदा और बड़ावदा में अपूर्ण आवासों को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित आवासों को तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं, अमृत 2.0 योजना में भौतिक प्रगति की तुलना में वित्तीय प्रगति कम पाए जाने पर भी समीक्षा की गई। निकायों द्वारा समय पर लिमिट प्राप्त नहीं होने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया और पीओ डूडा अरुण पाठक को संभागीय संयुक्त संचालक को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
दिसंबर तक भूमि आवंटन के सभी लंबित प्रकरण निपटाएं
बैठक में नगरीय निकायों में लंबित भूमि आवंटन के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दिसंबर माह तक सभी लंबित प्रकरणों में भूमि आवंटन की कार्रवाई पूरी की जाए। समीक्षा बैठक में पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना 1.0 एवं 2.0, सीएम हेल्पलाइन, अमृत 2.0 तथा पेयजल संकट सहित विभिन्न योजनाओं और नगरीय निकायों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।