रतलाम: आलोट में हुआ भाजपा कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन समारोह- मंत्री और विधायक ने की विकास की बात, पंचायतों को पानी के 62 टैंकर भी बांटे
आलोट,19नवम्बर(खबरबाबा.काम)। । भारतीय जनता पार्टी का आलोट विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन समारोह मनुनिया महादेव में संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि मप्र शासन के मंत्री नारायणसिंह पंवार, क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी और सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह के दौरान विधानसभा की पंचायतों को पानी के 62 टैंकर भी वितरित किए गए। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, आलोट जनपद अध्यक्ष कालूसिंह परिहार, जावरा जनपद अध्यक्ष हेमराज हाड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं मध्य प्रदेश के मंत्री नारायण सिंह पंवार ने संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे लोक कल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र भी किया। मंत्री पंवार ने कहा कि विधायक चिंतामणि मालवीय द्वारा लगातार आपके क्षेत्र में विकास कार्य को गति दी है, यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पार्टी के कार्यकर्ता इसके बारे में जनता को बताएं।


