रतलाम, 22जून(खबरबाबा. कॉम)। थाना ताल क्षेत्र के ग्राम कोटड़ी में खेत पर ट्रैक्टर से हकाई करने गए किसान राजेन्द्रसिंह डांगी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार खेत की मेड़ (सीमा) को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद और सामाजिक रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी मनोहरसिंह डांगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई राजेन्द्रसिंह डांगी 19 जून को ट्रैक्टर लेकर खेत पर गया था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह खेत पर उसका शव मिला, जिसके सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में थाना ताल पुलिस ने साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले की जांच की। पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि खेत की मेड़ को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। साथ ही परिवार को समाज से बाहर किए जाने की रंजिश के कारण उन्होंने 19 जून की शाम खेत पर अकेले मिले राजेन्द्रसिंह पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी उमरावसिंह डांगी (46), जितेन्द्र डांगी (22), जगदीश डांगी (42) तथा भूलीबाई (42) निवासी ग्राम कोटड़ी खारवा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
प्रकरण के त्वरित खुलासे में ताल पुलिस के अलावा थाना आलोट के निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, थाना बरखेड़ाकला के निरीक्षक पतिराम डावरे तथा साइबर सेल रतलाम की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।