रतलाम, 23 जून (खबरबाबा.कॉम)।जिले के सैलाना अंचल में मंगलवार को तेंदुए की दस्तक की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्राम करिया स्थित पहाड़ी बंगला के जंगलों में कुछ ग्रामीणों द्वारा तेंदुआ देखे जाने के दावे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया। हालांकि अभी तक वन विभाग को तेंदुए की मौजूदगी के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं और इसकी आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम करिया के समीप पहाड़ी बंगला के जंगली इलाके में ग्रामीणों ने एक वन्यजीव को देखा, जिसे उन्होंने तेंदुआ बताया। खबर गांव में फैलते ही लोगों में भय का माहौल बन गया और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अलर्ट हो गई और प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी। वन्यकर्मी तेंदुए के पगमार्क (पैरों के निशान) तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश में जुटे हैं, ताकि वन्यजीव की वास्तविक मौजूदगी और उसकी लोकेशन का पता लगाया जा सके। विभाग द्वारा आसपास के जंगल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को अकेले जंगल की ओर न जाने, छोटे बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखने तथा रात के समय समूह में रहने की सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी जारी है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टीम पूरी तरह तैयार है।