इंदौर,21जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीपीकेवीवीसीएल) के अधीक्षण यंत्री शिवराम सेमिल के इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना स्थित कुल 9 ठिकानों पर मंगलवार सुबह 5:30 बजे एक साथ छापेमार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में लोकायुक्त को आरोपी की वैध आय की तुलना में 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति और खर्च होने के संकेत मिले हैं।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश, डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन एवं एसपी डॉ. राजेश सहाय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
इंदौर लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार जांच में सामने आया कि शिवराम सेमिल ने अपने 33 वर्ष के सेवाकाल में लगभग 2 करोड़ रुपए का शुद्ध वेतन प्राप्त किया, जबकि उनके और परिवार के नाम पर 7.16 करोड़ रुपए से अधिक का व्यय और संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं।
ये संपत्तियां आईं सामने
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच में इंदौर की सिलिकॉन सिटी में करीब 1.20 करोड़ रुपए की लागत से बना तीन मंजिला आलीशान मकान मिला। इसके अलावा पीथमपुर में पुत्र के नाम संचालित “शुभम इलेक्ट्रिकल” ट्रांसफार्मर फैक्ट्री, परिवार के सदस्यों के नाम “कर्निश पावरजोन” की फैक्ट्रियां, धार जिले के उज्जैनी औद्योगिक क्षेत्र में “एस.एस. इलेक्ट्रिकल्स” और “कृष्णा पावर” सहित कई औद्योगिक इकाइयों का संचालन सामने आया।
जांच के दौरान रिश्तेदारों के नाम से संचालित “ए-वन इलेक्ट्रिकल” फैक्ट्री की भी जानकारी मिली है, जहां करोड़ों रुपये का निवेश होने की आशंका है। इसके अलावा इंदौर में कई व्यावसायिक कार्यालय, ओमेक्स सिटी में प्लॉट, महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कार तथा मुरैना में दो मंजिला मकान भी जांच के दायरे में हैं।
9 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई
लोकायुक्त की टीम ने इंदौर के 4, पीथमपुर के 2, धार जिले के उज्जैनी औद्योगिक क्षेत्र के 2 और मुरैना के 1 ठिकाने पर एक साथ सर्च अभियान शुरू किया। कार्रवाई में कई डीएसपी और निरीक्षकों सहित बड़ी टीम शामिल है। मुरैना स्थित संपत्ति की जांच ग्वालियर लोकायुक्त की टीम कर रही है।
डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान, डीएसपी दिनेश पटेल, डीएसपी दीपक शेजवार, निरीक्षक श्रीमती प्रतिभा तोमर, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, निरीक्षक आशुतोष मिठास, निरीक्षक सचिन पटेरिया द्वारा इंदौर और धार जिले स्थित ठिकानों पर सर्च की जा रही है। ग्वालियर लोकायुक्त से निरीक्षक के पी एस बैंस द्वारा मुरैना के आवास पर सर्च जारी है।
लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि सर्च कार्रवाई अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। कार्रवाई में मिले दस्तावेजों और निवेश की भी विस्तृत जांच की जा रही है।