इंदौर, 18 जुलाई(खबरबाबा. कॉम)। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने एसपी डॉ. राजेश सहाय के निर्देशन में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एक कनिष्ठ यंत्री (जूनियर इंजीनियर) को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी होटल भवन पर सोलर पैनल लगाने की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में कुल 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने शनिवार को ट्रैप कार्रवाई कर उसे धर दबोचा।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता शिवप्रकाश बसवाल, इंदौर ने 17 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अम्बे नगर स्थित होटल भवन पर सोलर पैनल लगाने संबंधी फाइल को आगे बढ़ाने के लिए कनिष्ठ यंत्री नमेश कुमार भोंडेकर 80 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेश सहाय के निर्देशन में शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
शनिवार को सुखलिया जोन स्थित सहायक यंत्री कार्यालय में कार्रवाई के दौरान आरोपी नमेश कुमार भोंडेकर को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए की पहली किस्त रिश्वत के रूप में लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली गई।
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
कार्रवाई में शामिल टीम में निरीक्षक सचिन पटेरिया, प्रधान आरक्षक विजय कुमार एवं विवेक मिश्रा, आरक्षक कमलेश परिहार, सतीश यादव, कृष्ण अहिरवार, मनीष माथुर तथा चालक शेर सिंह ठाकुर शामिल रहे।