रतलाम 23 सितंबर(खबरबाबा. कॉम)। जल जीवन मिशन के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए क्रियान्वित एकल ग्राम नल-जल योजना एवं समूह पेयजल प्रदाय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला जल एवं स्वच्छता समिति एवं जिला वाटर, सैनिटेशन एंड हाइजीन की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, पीएचई कार्यपालन यंत्री सीताराम जांगड़े सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एक माह से मामला संज्ञान में, फिर भी कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर ने लगाई फटकार
बैठक के दौरान कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जनजातीय क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में पेयजल की खराब गुणवत्ता का मामला विभाग के संज्ञान में लगभग एक माह से है, इसके बावजूद समस्या के निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कलेक्टर ने इस पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सैलाना-बाजना में लंबे समय से बंद फ्लोराइड रिमूवल प्लांट पर गंभीर चिंता
कलेक्टर ने सैलाना एवं बाजना क्षेत्र में बंद पड़े फ्लोराइड रिमूवल प्लांट को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के फ्लोराइड रिमूवल प्लांट पिछले डेढ़ से दो वर्ष से बंद हैं। इसके बावजूद प्लांट को पुनः प्रारंभ करने की प्रक्रिया अभी तक टेंडर प्रक्रिया से आगे नहीं बढ़ सकी है।
कलेक्टर ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के नागरिकों को फ्लोराइड प्रभावित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है, जो अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से प्लांट बंद होना और समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं किया जाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यपालन यंत्री को नोटिस, एसीएस के संज्ञान में लाकर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
मामले में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री जांगड़े को तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने कहा कि प्रकरण को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अपर मुख्य सचिव सचिन सिंह के संज्ञान में लाया जाएगा तथा प्रकरण में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत एवं महत्वपूर्ण आवश्यकता से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
दो एसडीओ बैठक में अनुपस्थित, बैठक निरस्त
बैठक में जिले के तीन एसडीओ में से सैलाना की एसडीओ श्रीमती बिंदिया चौहान एवं जावरा के एसडीओ अमृत धाकड़ अनुपस्थित रहे। महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की जानी है, यदि वही अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हों तो ऐसी बैठक का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। इसके चलते जिला जल एवं स्वच्छता समिति एवं वाश की बैठक निरस्त कर दी गई।
