रतलाम, 26 सितंबर (खबरबाबा.कॉम)। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला रतलाम द्वारा जिला अस्पताल परिसर में संचालित सोनोग्राफी सेंटर का जल्द जीर्णोद्धार किया जाएगा।
सेंटर में मरम्मत कार्य के साथ मरीजों के लिए बैठक व्यवस्था, सुविधा घर और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके बाद रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा नवीन सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराकर मरीजों को जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी।
संस्था के चेयरमैन प्रीतेश गादिया ने बताया कि सोनोग्राफी सेंटर काफी समय से जीर्ण अवस्था में है। सेंटर का आवश्यक मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य कर यहां आने वाले मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। नवीन मशीन लगने से सोनोग्राफी जांच की सुविधा भी बेहतर होगी।यह कार्य रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर अजय कटेसरिया के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
इस अवसर पर संस्था के वाइस चेयरमैन सुशील मुणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया, संचालक सदस्य अशोक जैन लाला, हेमंत मुणत, दिनेश बारमेचा तथा सेंटर पर सेवाएं दे रहे डॉ. ललित जायसवाल सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।