रतलाम,23अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। राजस्थान और उत्तराखंड की रहने वाली 2 बेटियाँ कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल यात्रा पर निकली है। बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का संदेश दे रही इन बेटियों की उम्र महज 8 और 9 साल है।
जिस उम्र में बच्चे साइकिल चलाना सिखते हैं। उस उम्र में सैकड़ो किलोमीटर साइकिल चलाकर रतलाम पहुंची रक्षिता चौधरी 9 वर्ष और सान्वी पुंडीर 8 वर्ष समाज को बेटी बचाने और बेटी पढ़ाने की सीख दे रही हैं। दोनों बालिकाएं कश्मीर से कन्याकुमारी साइकिल से 1750 किमी का सफर तय कर रतलाम पहुचीं है। खेल जगत से जुड़ी रतलाम की हस्तियों ने इन बेटियों का रतलाम में स्वागत कर हौसला बढ़ाया है। साइकिलिंग कर रही दोनों बेटियों के साथ उनके कोच और अन्य सपोर्टिंग स्टाफ भी रतलाम पहुंचा है।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा कर रही टीम ने जानकारी देते हुए बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति जागरूकता के लिए राजस्थान के झुंझुनू जिले की रक्षिता चौधरी उम्र
9 वर्ष और सान्वी पुंडीर उम्र 8 साल उत्तराखंड के टिहरी से हैं। दोनों प्रतिदिन 100 से 120 किमी साइकिल चलाती है । अब तक वह 1750 किमी यात्रा पूरी कर चुकी है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यात्रा 3700 किमी 37 दिनों में पूरी करने का लक्ष्य है।
इस साहसिक कार्य को करने वाली दोनों बेटियों का केशव स्पोर्ट्स पर भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक मनीष शर्मा, खेल प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक यतेंद्र भारद्वाज, कमलेश जोशी, बीजेपी व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रवीण गुप्ता, अभिषेक पटेल, सौरभ शर्मा, राहुल जाट, आनंद परमार, मुन्ना भाई, दसरथ प्रजापति, कैलाश पंड्या, सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने स्वागत किया और आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी ।
