रतलाम,15नवम्बर(खबरबाबा. कॉम)। बाजना बस स्टैंड से गौशाला रोड चौराहे तक प्रस्तावित इनर रिंग रोड के चौड़ीकरण को लेकर क्षेत्रवासियों ने वर्तमान योजना पर पुनर्विचार की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्र के नागरिकों ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप को ज्ञापन सौंपकर सड़क चौड़ीकरण के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने का सुझाव दिया है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 18 मीटर सड़क चौड़ीकरण किया जाना है। वर्तमान मार्ग की मार्किंग से क्षेत्र के कई निजी मकान, दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और बगीचे प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही क्षेत्र में लगे हरे-भरे बड़े पेड़ों पर भी संकट मंडरा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए निजी संपत्तियों पर लगाए गए निशानों से रहवासियों में चिंता और असंतोष है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहां कई परिवार लंबे समय से निवासरत हैं। इनमें अधिकांश अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के हैं, जिनकी आजीविका छोटे व्यापार और निजी प्रतिष्ठानों पर निर्भर है। वर्तमान मार्किंग के अनुसार कुछ मकानों का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो सकता है, जिससे उनके शेष हिस्से में रहना भी मुश्किल हो जाएगा। ऐसी स्थिति में कई परिवारों के सामने आवास और रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि क्षेत्रवासी शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के पक्षधर हैं, लेकिन विकास की ऐसी योजना बनाई जानी चाहिए जिससे आम नागरिकों की निजी संपत्तियों और आजीविका को कम से कम नुकसान पहुंचे। सड़क चौड़ीकरण के लिए क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय जमीन का उपयोग करने का सुझाव भी दिया गया है।
यह दिया वैकल्पिक मार्ग का सुझाव
क्षेत्रवासियों ने पटेल कॉलोनी से होते हुए जैन स्कूल के पीछे, डी.पी. ज्वेलर्स के सामने से सागोद रोड स्थित फोरलेन तक सड़क जोड़ने की तकनीकी संभावनाओं पर विचार करने की मांग की है। उनका मानना है कि इस विकल्प से शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही अनेक मकानों, दुकानों, धार्मिक स्थलों और पेड़ों को बचाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने मंत्री चेतन्य काश्यप से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर वर्तमान डीपीआर का पुनः परीक्षण कराने और संबंधित विभाग को वैकल्पिक मार्ग की तकनीकी संभावनाओं पर विचार कर आवश्यक संशोधन के निर्देश देने का आग्रह किया है।