रतलाम, 8 अक्टूबर (खबरबाबा.काम)। शहर में दीपोत्सव पर बाजार रात 12 बजे तक खुले रखने की छूट मिलने के बाद व्यापारियों ने विधायक चेतन्य काश्यप का आभार जताया है। प्रशासन के द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जाने के बाद विभिन्न व्यापारिक संगठनों से जुडे़ प्रतिनिधि विधायक श्री काश्यप का आभार जताने के लिए उनसे मिलने पहुंचे। त्योहार के समय पुलिस-प्रशासन द्वारा रात 10 बजे बाद व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराया जा रहा था, जिससे व्यापारियों में आक्रोश था। इसे देखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता व व्यापारी मनोहर पोरवाल द्वारा भी विधायक श्री काश्यप से चर्चा की गई थी।
इनके अतिरिक्त अन्य व्यापारियों द्वारा भी त्योहार के दौरान व्यवहारिक परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में विधायक श्री काश्यप से चर्चा की गई थी। जिसके बाद विधायक श्री काश्यप ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी से दीपावली पर्व तक स्थानीय बाजार को देर रात खोले रखने के संबंध में चर्चा की थी, जिसके बाद प्रशासन ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।
प्रशासन के आदेश जारी करने से व्यापारियों में हर्ष व्याप्त है। विधायक श्री काश्यप से चर्चा के बाद स्थानीय व्यापारियों की मांग पूरी होने पर उनके द्वारा आभार जताया गया। व्यापारियों का कहना था कि आमजन की सुविधा और यहां के महत्वपूर्ण थोक व खेरची बाजार की प्रकृति तथा व्यावहारिक दृष्टिकोण के चलते उनके द्वारा बाजार का समय बढ़ाए जाने की मांग की गई थी, जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा था। इस कारण से उनके द्वारा अपनी परेशानी के संबंध में विधायक श्री काश्यप को अवगत कराया गया था, जिसके बाद सकारात्मक परिणाम सामने आए है। व्यापारियों की माने तो देर रात तक बाजार खुले रहने से नौकरीपेशा वर्ग के लोगों को भी सहूलियत होगी। उक्त लोग नौकरी से घर पहुंचने के बाद आसानी से खरीददारी करने के लिए बाजार आ सकेंगे। यदि समय नहीं बढ़ता तो उन्हे भी कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता
