रतलाम,8फरवरी(खबरबाबा.काम)। जिले के शिवगढ में सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर दो पक्षों के मध्य विवाद में रेडीमेड दुकान के व्यापारी एक युवक की जान चली गई। दोनों पक्षों के 4 लोग घायल हुए हैं। घटना मंगलवार रात की है। मृतक का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को शिवगढ़ के छात्रावास मैदान में हुई चाकूबाजी में पीपली चीक निवासी रेडिमेड कपड़ा व्यवसायी अभिषेक पिता ईश्वर पाटनी (19) की मौत हो गई। अभिषेक और उसके साथी ऋषभ रेगा और गौरव सोनी व दूसरे पक्ष के रेडिमेड कपड़ा व्यवसायी महेश हाड़ा, अंकित, रवि राठौर के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में पुराना विवाद भी था। वहीं सोशल मीडिया पर कमेंट्स को लेकर रात को फिर विवाद हो गया। इसमें चाकूबाजी होने पर एक पक्ष से अभिषेक, ऋषभ, गौरव और दूसरे पक्ष से महेश हाड़ा घायल हो गए। घायल अभिषेक ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं अभिषेक के साथी ऋषभ व गौरव को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के महेश हाड़ा को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके साथी अंकित व रवि को मामूली चोट लगी है। अभिषेक और महेश की पीपली चौक में आमने-सामने दुकान है। आज बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम किया जाएगा।