रतलाम,2अप्रैल(खबरबाबा.काम)। जिले के सरवन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी और किशोर का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि किशोरी की बारात आने वाली थी और उसके पहले ही वह घर से गायब हो गई थी।
पुलिस के अनुसार गांव की 14 वर्षीय लड़की की उसके परिजनों ने कहीं शादी तय की थी। शनिवार को बरात आने वाली थी, लेकिन वह शुक्रवार रात को ही घर से गायब हो गई। खोजबीन शुरू हुई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस पर पिता ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे सरवन थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 363 में अपहरण का प्रकरण दर्ज किया। उधर एक 17 वर्षीय लड़का भी गायब था।
दोनों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच दोपहर करीब तीन बजे ग्राम खारचा में स्थित गहरी खाई में नाले के पास एक पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लड़की के साथ 17 वर्षीय लड़के का शव दिखा। खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सैलाना एसडीओपी ईडला मौर्य, एफएसएल अधिकारी डा. अतुल मित्तल, बेड़दा चौकी प्रभारी आनंद बागवान आदि पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल व शवों की जांच की। शवों को फंदे से उतराकर शाम को सरवन के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। पोस्टमार्टम रविवार सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि किशोरी और किशोर आपस में प्रेम करते थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।