रतलाम,30अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। जिले के बिलपांक थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो कंटेनर में ले जाई जा रही 1050 पेटी अवैध शराब जप्त की है। पकड़ी गई अवैध शराब की कीमत 1 करोड रुपए से अधिक बताई जा रही है। शराब के संबंध में कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने दोनों कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि एसपी राहुल लोढ़ा के निर्देश पर विधानसभा चुनाव के दौरान हाईवे और जिले की सीमा पर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी मात्रा में सोना चांदी एवं नगद राशि पुलिस द्वारा जप्त भी की गई है। वही आज बिलपांक थाना पुलिस ने थाना प्रभारी ओपी सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्यवाही करते हुए एक करोड रुपए मूल्य की अवैध शराब जप्त की है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह शराब दिल्ली से मुंबई ले जाई जा रही थी। हालांकि पुलिस प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान अवैध शराब के परिवहन के एंगल से भी इस मामले में जांच कर रही है। बिलपांक थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
