रतलाम,22अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व विधायक मथुरालाल डामर को रतलाम ग्रामीण विधानसभा से अपना उम्मीदवार घोषित किया। जब टिकट की घोषणा हुई, उस समय डामर अपने खेत पर काम देख रहे थे। उम्मीदवार घोषित होने की जानकारी मिलते ही समर्थक उनके निवास पर पहुंचे और जश्न मनाना शुरू कर दिया।
पूर्व विधायक मथुरालाल डामर को भारतीय जनता पार्टी द्वारा रतलाम ग्रामीण विधानसभा से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद समर्थकों ने उनके निवास पर पहुंच उनका स्वागत किया। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कई कार्यकर्ता डामर के स्वागत के लिए पंहुचे। टिकट की घोषणा के बाद डामर सबसे पहले कोटेश्वर महादेव मंदिर दर्शन के बाद रतलाम स्थित संघ कार्यालय पहुंचे।
डामर आज रविवार को सुबह काछी बड़ौदा (रूनीजा) स्थित गणेश मंदिर, विरुपाक्ष महादेव बिलपांक व सातरूंडा स्थित कंवलका माता मंदिर पर दर्शन पूजन करेंगे।
श्री डामर के स्वागत के लिए पहुंचे समर्थकों ने पहले आतिशबाजी की और फिर ढोल की थाप पर जमकर थिरके। जश्न के दौरान भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं के साथ धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के साथ समर्थक भी उपस्थित रहे। डामर के स्वागत का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान कोई फूलों की माला, तो कोई दुप्पट्टा औढ़ाकर और साफा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन करता दिखाई दिया। मथुरालाल डामर ने बताया कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, उसके लिए शीर्ष नेतृत्व का आभर है। 2013 में जो जनता ने आशीर्वाद दिया था इस बार वो दोगुना मिलेगा। गांव के किसान भाइयों, गरीबों और प्रत्येक व्यक्ति के लिए विकास कार्य करना प्राथमिकता रहेगी। टिकट मिलने के बाद श्री डामोर ने पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पर पहुंच कर उनसे भी मुलाकात की।
