रतलाम,19 जुलाई(खबरबाबा.काम)। जयपुर सीरियल ब्लास्ट की साजिश रचने के मामले में रतलाम के दो फरार संदिग्ध आतंकियों को महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र पुलिस ने इसकी सूचना एनआईए को दी है। दोनों संदिग्ध आतंकी रतलाम के रहने वाले हैं और एनआईए इनकी तलाश कर रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि इन आरोपियों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित था। दोनों आरोपियों को मंगलवार को पकड़ा गया, जिसके बाद पुणे पुलिस और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दोनों से पूछताछ की।
पुणे पुलिस के अनुसार, मंगलवार तड़के पुणे शहर के कोथरुड इलाके में पुलिस के गश्ती दल ने तीन संदिग्धों को एक मोटरसाइकिल चोरी करते पकड़ा, लेकिन जांच के दौरान उनमें से एक संदिग्ध फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इमरान खान और मोहम्मद यूनुस साकी के रूप में की गई है। दोनों मूल रूप से रतलाम के रहने वाले हैं।
पुलिस आयुक्त रितेश कुमार ने एक मीडिया एजेंसी को बताया कि जांच के दौरान पता चला कि ये दोनों आरोपी एनआईए द्वारा वांछित थे। उन्होंने कहा, ‘‘तलाशी के दौरान उनके घर से एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया।’’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में उनके खिलाफ जांच की जा रही है।
ऐसे हुआ था खुलासा
30 मार्च 2022 में राजस्थान के निंबाहेड़ा से सूफा संगठन के तीन सदस्य जुबेर, अल्तमश शेरानी और सैफुल्ला विस्फोटक और बम बनाने की सामग्री के साथ पकड़े गए थे। इनसे पूछताछ के बाद टोंक (राजस्थान) से फरहान और मुजीब को गिरफ्तार किया गया था। रतलाम पुलिस ने मास्टरमाइंड इमरान पिता शरीफ खान, आमीन फावड़ा और आमीन पिता अब्दुल समद को पकड़कर राजस्थान पुलिस को सौंपा था। एनआईए ने मामले में 11 लोगों के खिलाफ चालान पेश किया था। आज पकड़ाए दोनों संदिग्ध आतंकियों की भी एनआईए तलाश कर रही थी। इन पर पांच-पांच का इनाम भी घोषित किया गया था। 2 दिन पूर्व भी एनआईए ने रतलाम आकर इस मामले के मुख्य मास्टरमाइंड इमरान के फार्महाउस को अटैच करने की कार्रवाई की थी।
