नीमच, 26जून (खबरबाबा. कॉम)। उदय विहार स्थित डेल्हीवरी (Delhivery) कोरियर कंपनी के कार्यालय में चाकू की नोक पर हुई सनसनीखेज लूट और कर्मचारी पर जानलेवा हमले की वारदात का नीमच पुलिस ने एसपी डॉ राजेश व्यास के र्निदेशन में महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू, एक मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 90 हजार 800 रुपए नगद बरामद किए गए हैं।
नीमच एसपी राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के नेतृत्व में थाना नीमच कैंट, थाना जीरन, थाना नीमच सिटी और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने इस अंधे लूटकांड का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया।
ऐसे हुई थी वारदात
23 जून 2026 की रात करीब 9:20 बजे उदय विहार स्थित डेल्हीवरी कोरियर कार्यालय में कर्मचारी सूरज नाथ अकेले काम कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक कार्यालय में घुसे। दो बदमाशों ने सूरज की गर्दन पकड़कर चाकू अड़ा दिया, जबकि अन्य दो आरोपियों ने कैश काउंटर में रखी नकदी लूटनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर एक आरोपी, जो हल्का लंगड़ाकर चलता है, ने सूरज पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और दोनों कंधों पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी करीब डेढ़ लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीकी साक्ष्यों तथा नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ के टोल प्लाजा के कैमरों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस का संदेह डेल्हीवरी कंपनी के पूर्व कर्मचारी इस्लाम मोहम्मद पर गया, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाला गया था।
पूछताछ और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने इस्लाम मोहम्मद सहित उसके साथी सोहेल मंसूरी, जाहिद खान और असरफ कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चारों ने लूट और चाकूबाजी की वारदात स्वीकार कर ली।
अजमेर से पकड़ा गया पांचवां आरोपी
पूछताछ में सामने आया कि वारदात में शामिल पांचवां आरोपी आसिफ मंसूरी अजमेर भाग गया है। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अजमेर पहुंचकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों ने लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने और विरोध करने पर कर्मचारी पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक चाकू,एक मोटरसाइकिल
लूटी गई राशि में से 90,800 नगद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
इस्लाम पिता मिठ्ठू खान (35), निवासी अंबेडकर कॉलोनी, नीमच, सोहेल मंसूरी (21), निवासी सीतामऊ फाटक, मंदसौर,असरफ कुरैशी (26), निवासी कचनारा, मंदसौरजाहिद खान (22), निवासी कचनारा, मंदसौरआसिफ मंसूरी (27), निवासी धमनार, हाल मुकाम दलौदा, मंदसौर