रतलाम,10अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सोमवार सुबह 7:30 बजे पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली गई। बैठक में सीएम ने 2 दिन पूर्व उनके द्वारा दिए गए नशे के अवैध कारोबार को ध्वस्त करने संबंधी निर्देशों के बाद हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। जिले से बैठक में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी शामिल हुए।
सीएम के निर्देशों के बाद रतलाम में भी पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के मामलों में लगभग 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 2 मामलों में अवैध मादक पदार्थ भी जप्त कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी अभिषेक तिवारी ने जिले में अभी तक हुई कार्रवाई की जानकारी सीएम को दी। सीएम ने अधिकारियों को लगातार माफिया और नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कुंडली हो रही तैयार, होगी सख्त कार्रवाई: एसपी
सीएम की वर्चुअल बैठक के बाद एसपी अभिषेक तिवारी ने खबरबाबा.काम से चर्चा करते हुए बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हर थाना क्षेत्र के माफियाओं और नशे के सौदागरों की कुंडली तैयार की जा रही है। एसपी श्री तिवारी ने कहा कि आज सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। नशे के सौदागरों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। एसपी श्री तिवारी ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों की अवैध संपत्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। उनके अवैध निर्माण और अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
सीएम के निर्देश के बाद जिस तरह जिला और पुलिस प्रशासन एक्टिव हुआ है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि जिले में आगामी दिनों में बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
