नई दिल्ली, 12 मई। देशभर के लाखों छात्रों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियों की रिपोर्ट सामने आने के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से यह निर्णय लिया गया।
NTA ने कहा कि जांच एजेंसियों से मिली जानकारी और परीक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा के बाद यह महसूस किया गया कि मौजूदा परीक्षा परिणामों को जारी रखना उचित नहीं होगा। छात्रों का भरोसा और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोबारा परीक्षा कराना जरूरी है।
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
पेपर लीक प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने मामला CBI को सौंप दिया है। एजेंसी पूरे मामले की जांच करेगी। NTA ने भी जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।
दोबारा परीक्षा की तारीख जल्द
NTA के मुताबिक नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारी जल्द आधिकारिक वेबसाइट व माध्यमों से जारी की जाएगी। छात्रों से कहा गया है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें।
छात्रों को फिर से नहीं करना होगा आवेदन
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 के लिए किया गया रजिस्ट्रेशन, छात्रों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा में भी मान्य रहेंगे। अभ्यर्थियों को नया आवेदन करने या अतिरिक्त फीस जमा करने की जरूरत नहीं होगी।
NTA ने माना कि परीक्षा दोबारा कराने से छात्रों और अभिभावकों को परेशानी होगी, लेकिन निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है।